मदार बाबा के उर्स की तैयारियां जोरों पर,28 फरवरी से शुरू होगा सद्भाव का मेल
महराजगंज:- यूपी के महराजगंज जिले से बड़ी खबर भारतीय सीमाक्षेत्र से सटे नेपाल इलाके में लगने वाले मदार बाबा उर्स की तैयारियां जोर शोर से जारी हैं। व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। यह मेला 28 फरवरी से शुरू होकर 8 मार्च तक चलेगा। बताते चलें कि इस मेले में भारी तादाद में श्रद्धालु जुटते हैं। यूपी व बिहार के सुदूरवर्ती इलाकों से लोगों का हुजूम उमड़ पड़ता है। नेपाल से भी लोग जुटते रहते हैं। इस उर्स में हिन्दू व मुसलमान समान रूप से आस्थावान रहते हैं। मेला समिति ने हर वर्ष की भांति इस बार भी श्रद्धालुओं के लिए ठहरने, पेयजल, शौचालय व मेडिकल आदि की व्यवस्था की है। बताते चलें कि श्रृंखला-बद्ध पहाड़ों में सबसे ऊंची चोटी पर पीर मदार बाबा का मजार अवस्थित है। वहां तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को कठिन व जानलेवा रास्तों से होकर गुजरना पड़ता है। रास्ते में सात पहाड़ों की चढ़ाई पूरी करनी होती है। गुददर,नकधरवा व चावलधोई पहाड़ के रास्ते बेहद दुष्कर माने जाते हैं। फिर भी मजार तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है। ये रास्ते काफी संकीर्ण पगडंडी की तरह हैं और पहाड़ों की चोटी के किनारों से होकर गुजरना पड़ता है। मामूली सी गलती होने पर सैकड़ों फीट गहरी खाई में गिरने का खतरा रहता है। सबसे ऊंची चोटी पर बाबा का मजार है,जहां पीने के पानी की समस्या रहती है। हालांकि मेला समिति ने इस बार वहां पेयजल के समुचित प्रबंध का दावा किया है। सुदूर इलाके से झरने का पानी पाइप लाइन के सहारे मजार व मेले तक पहुंचाने की मशक्कत की गई है। मेला समिति ने रात्रि विश्राम की व्यवस्था की है। शौचालय बनाए गए हैं। मेले में अप्रिय घटनाओं को रोकने के लिए चप्पे चप्पे पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। नेपाल सशस्त्र बल व स्वयं सेवक दल की तैनाती की गई है।


