पनियरा पट्टे चौराहे के पास धान के खेत में युवक का शव मिलने से हड़कंप, हत्या की आशंका
महराजगंज:-यूपी के महराजगंज जिले से बड़ी खबर पनियरा थाना क्षेत्र स्थित पट्टे चौराहे के पास रविवार को धान के खेत में एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान अजय प्रजापति (उम्र लगभग 29 वर्ष), पुत्र कैलाश प्रजापति, निवासी वार्ड नंबर 18 बुद्ध नगर, पीपीगंज के रूप में हुई है। कैलाश प्रजापति के छह बच्चों (चार बेटियां और दो बेटे) में अजय सबसे छोटा था। उसका विवाह लगभग पांच वर्ष पूर्व महाराजगंज कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर में हुआ था। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से उसका अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था। मृतक की तीन वर्षीय एक बेटी भी है।मृतक की मां जयंती ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि उनके बेटे की मौत के जिम्मेदार उसके ससुराल वाले ही हैं।इस संबंध में पनियरा थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहराई से जांच कर रही है।
