बहन को इंसाफ नहीं मिला तो परेशान होकर भाई मोबाइल टावर पर चढ़ा
कुशीनगर जिले के कसया नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 22 महंत अवेद्यनाथ नगर (डुमरी) में लगातार प्रयासों के बाद भी बहन को इंसाफ नहीं मिलने से परेशान होकर एक युवक शुक्रवार को मोबाइल टावर पर चढ़ गया।युवक को टावर पर चढ़ा देख हंगामा मच गया। लोगों को जानकारी होते ही नीचे भारी भीड़ जुट गई। पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही युवक को नीचे उतारने के लिए मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा बुझाकर युवक को टॉवर से नीचे उतरने के लिए मनाया। युवक करीब ढाई घंटे तक टॉवर पर रहा। आश्वासन पर करीब ढाई घंटे बाद नीचे उतरा। कसया के प्रभारी निरीक्षक आशुतोष सिंह ने बताया कि मामले की जांचकर कार्रवाई की जाएगी।मामले में मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को वार्ड के सिसवा महंत निवासी बेल्डिंग का काम करने वाला अजहरुद्दीन पुत्र नसीरुद्दीन शुक्रवार को डुमरी स्थित मोबाइल टवर पर चढ़ गया। इसकी जानकारी होते मौके पर भारी संख्या में लोग जुट गए। युवक ऊपर से चिल्ला रहा था कि पुलिस के जिम्मेदार अधिकारी को बुलाया जाए। तमाशबीन लोगों में से ही किसी ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी होते ही पीआरवी पुलिस और कसया के प्रभारी निरीक्षक आशुतोष सिंह मय फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और उसकी मांग सुनी और उसे काफी समझा बुझाकर नीचे उतरा।अजहरुद्दीन ने बताया कि उसकी बहन रुबीना की शादी तुर्कपट्टी थानाक्षेत्र के शंकरपुर घोरठ निवासी अहमद रजा से हुई थी। शादी में खेत गिरवी रखकर उसके पिता ने दस लाख रुपये दहेज दिए। शादी के बाद पता चला कि अहमद रजा ने दूसरे संप्रदाय की लड़की से शादी कर ली है। बहन को प्रताड़ित करता था और दहेज की मांग करता था। फिर उसकी बहन को पीटकर घर से निकाल दिया। बहन बेहद परेशान है।परिवार के लोग पुलिस को बार-बार प्रार्थनापत्र देकर न्याय की मांग कर रहे, लेकिन कोई करवाई नहीं हुई। आहत आकर उसे यह कदम उठाना पड़ा। करीब ढाई घंटे के प्रयास के बाद पुलिस ने उसे नीचे उतरवाया। उसकी मांग पर कार्रवाई के लिए उसे साथ लेकर थाने गई। कसया के प्रभारी निरीक्षक आशुतोष सिंह ने बताया कि लड़की के ससुराल वालों को बुलाया गया है। पूरे मामले की जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। जो भी दोषी होगा, उस पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


