सुप्रसिद्ध गायिका डॉ जया श्रीवास्तव ने साथी कलाकारों के साथ सुर ताल संगम के बैनर तले गुरु पूर्णिमा विशेष भजन संध्या का सफल आयोजन

सुप्रसिद्ध गायिका डॉ जया श्रीवास्तव ने साथी कलाकारों के साथ सुर ताल संगम के बैनर तले गुरु पूर्णिमा विशेष भजन संध्या का सफल आयोजन

लखनऊ :-उत्तर प्रदेश से संचालित देश विदेश में लब्धप्रतिष्ठ सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्था सुर ताल संगम के बैनर तले गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर एक दिव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया जिसमें संस्था के पदाधिकारियों और नवोदित कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति देकर गुरु चरणों में अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए। सरस्वती वंदना, गणपति वंदना, गुरु वंदना सहित अनेक लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुतियों से मंच की शोभा बढ़ाते हुए सभी गायक कलाकारों एवं बाल नृत्यांगनाओं ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर खूब वाहवाही बटोरी। इस अत्यंत आकर्षक कार्यक्रम में प्रतिभागिता करने वाले कलाकारों में आद्या श्रीवास्तव ने तू ही मेरे रसना, उन्नति श्री ने त्रिदेव रूप गुरु, अक्षिता सिंह ने गणपति वंदना, अद्विका श्रीवास्तव ने वैष्णव जन तो तेने कहिए, शिवेंद्र वर्मा ने शुक्राना तेरा शुक्राना, देवेंद्र कुमार मेंगी ने गुरू मेरी पूजा, सीमा विरमानी ने मन की थाली, रमन श्रीवास्तव ने गुरूवार तेरे चरणों की,अनीता सिंह ने गुरू न बिसारूं, डॉ विश्वास वर्मा ने तूने राम जपन क्यूं छोड़ दिया, सीमा श्रीवास्तव ने गुनीजन करते गान तुम्हारा आदि प्रस्तुतियों के द्वारा गुरू समर्पण प्रेषित किया। संस्था के मुख्य संरक्षक अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त भागवत प्रवक्ता श्री शिवराज कृष्ण महाराज, वरिष्ठ संगीतकार श्री केवल कुमार, संगीत विदुषी प्रोफेसर कमला श्रीवास्तव, अध्यक्ष अजय श्रीवास्तव, धर्मेंद्र श्रीवास्तव और सहर जावेद फारुकी ने सभी को महापर्व गुरु पूर्णिमा की बधाई एवं आशीर्वाद प्रेषित किया। कार्यक्रम के अंत में गुरु सत्ता की महिमा मंडित करते हुए संस्था की डायरेक्टर एवं अंतर्राष्ट्रीय ख्यातिलब्ध गायिका डॉ जया ने सफल कार्यक्रम के लिए सभी आयोजकों, कलाकारों तथा दर्शकों का आभार व्यक्त किया और मन की व्याख्या गुरु रूप में करते हुए लोकप्रिय भजन तोरा मन दरपन कहलाए सुनाकर कार्यक्रम को चार चांद लगाए। इस सफल और सुंदर आयोजन के लिए सभी ने संस्था की भूरि भूरि प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे अप्रतिम कार्यक्रम आयोजित करने की शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *