वित्त विहीन शिक्षकों के लिए 5 लाख तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा, शिक्षकों में हर्ष
महराजगंज:- यूपी के महराजगंज जिले से बड़ी खबर प्रदेश सरकार द्वारा माध्यमिक वित्त विहीन शिक्षकों के लिए भी 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा का आदेश जारी किए जाने पर शिक्षकों में हर्ष की लहर है।उत्तर प्रदेश माध्यमिक वित्त विहीन शिक्षक महासभा (उमेश द्विवेदी गुट) के प्रदेश महासचिव आफताब आलम खां ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सरकार के प्रति आभार जताया है।उन्होंने बताया कि 31 अगस्त को कमता राम पाल द्वारा प्रदेश के सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। इसके बाद से पूरे प्रदेश के लाखों वित्त विहीन शिक्षकों में खुशी व्याप्त है।श्री खां ने कहा कि सरकार के इस निर्णय ने साबित कर दिया है कि भाजपा सरकार जो कहती है, वह करती है। इस निर्णय से सरकार का नारा ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ सार्थक हुआ है।गौरतलब है कि कुछ महीने पहले सरकार ने प्रदेश के लाखों राजकीय व सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षकों व प्रधानाचार्यों के लिए यह योजना लागू की थी, जिसमें वित्त विहीन शिक्षक वंचित रह गए थे। इस पर महासभा के प्रदेश अध्यक्ष एवं शिक्षक विधायक उमेश द्विवेदी ने मुख्यमंत्री से वित्त विहीन शिक्षकों को भी इस योजना में शामिल करने की मांग की थी, जिसे शिक्षक दिवस से पांच दिन पूर्व ही पूरा कर सरकार ने शिक्षकों को बड़ा तोहफा दिया है।वहीं इस आदेश में शिक्षणेत्तर कर्मचारियों (लिपिक व चतुर्थ श्रेणी) का उल्लेख न होने से उनमें निराशा है। प्रदेश महासचिव ने सरकार से मांग की है कि वित्त विहीन विद्यालयों के शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को भी इस योजना में शामिल किया जाए।आदेश पर हर्ष व्यक्त करने वालों में रामचंद्र यादव, हौसला शर्मा, एस.पी. सिंह, ओ.पी. सिंह, सचिन्द्र अमरनाथ केसरी, चौधरी देवीलाल, गुलाब यादव, मनोज चौरसिया, घनश्याम सिंह, नित्यानंद त्रिपाठी, मोहम्मद सैफ खां, हनुमान सिंह, कमलेश, अरुण कुमार प्रजापति, राम नारायण सिंह सहित असंख्य शिक्षक शामिल हैं।
