मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के 38 भवनों को ध्वस्त करने पर रोक लगाएं, सपा अल्पसंख्यक सभा ने राज्यपाल से की मांग
महराजगंज :- यूपी के महराजगंज जिले से बड़ी खबर। मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय, रामपुर के 38 भवनों को ध्वस्त किये जाने की प्रस्तावित कार्यवाही पर तत्काल रोक लगाने एवं निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किए जाने की मांग को लेकर समाजवादी अल्पसंख्यक सभा ने आवाज बुलंद की है। सपा अल्पसंख्यक सभा के जिला अध्यक्ष एसरार अहमद ने महामहिम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को पत्र भेजकर कहा कि यह कार्यवाही हजारों विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों तथा स्थानीय नागरिकों के भविष्य से जुड़ी हुई है। पत्र में कहा गया कि विश्वविद्यालय के निर्माण के समय ग्राम सोजानकोठ राजस्व क्षेत्र में शामिल नहीं था। 27 सितंबर 2024 को ग्राम को तहसील क्षेत्र में शामिल किया गया, जबकि विश्वविद्यालय का निर्माण इससे एक वर्ष पूर्व ही हो चुका था। एसरार अहमद ने आरोप लगाया कि रामपुर विकास प्राधिकरण और जिलाधिकारी द्वारा अवैधानिक तरीके से शिक्षा का मजहब बनाकर गरीब बच्चों को शिक्षा से वंचित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने राज्यपाल से मांग की कि 38 भवनों को तोड़ने का आदेश तत्काल रद्द कर निष्पक्ष जांच कराकर उचित वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।


