हिन्दू-मुस्लिम सबकी आस्था का केंद्र है मदार बाबा का दरबार

हिन्दू-मुस्लिम सबकी आस्था का केंद्र है मदार बाबा का दरबार

महराजगंज::- भारत से सटे नेपाल के नवलपरासी के सुस्ता और त्रिवेणी ग्रामीण नगर पालिका में मदार बाबा मेला मंगलवार को शुरू हो गया। मेला महा शिवरात्रि तक चलेगा। इस मौके पर हिन्दू व मुसलमान दोनों समुदाय के लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। पहाड़ों के बीच जाने वालों का रेला लगा है। सबकी जुबां पर बाबा नगरिया दूर है, जाना जरूर का नारा गूंज रहा है।मदार बाबा मजार एक धार्मिक स्थल, हिंदू-मुस्लिम समुदाय की धार्मिक एवं सांस्कृतिक आस्था का केंद्र है। यहां भारत व नेपाल सहित बिहार प्रांत के लोग मदार बाबा के दर्शन-पूजन करने के लिए पहुंचते हैं। मान्यता है कि मदार बाबा की पूजा करने से नि:संतान लोगों को संतान की प्राप्ति होती है। साथ ही सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। पूर्वी नवल परासी और पश्चिमी नवलपरासी के जिला प्रशासन कार्यालय ने सभी संबंधित पक्षों से मदार बाबा धार्मिक मेले को सामाजिक सद्भाव के साथ सभ्य, भव्य, अनुशासित, गरिमापूर्ण और शांतिपूर्ण तरीके से पूरा करने का अनुरोध किया है। मदार बाबा तक पहुंचने के लिए सुस्ता ग्रामीण नगर पालिका में महलबारी से लगभग दस किमी तक पहाड़ी रास्ते से गुजरना पड़ता है। मदार बाबा के स्थान तक पहुंचने के लिए लगभग तीन घंटे पैदल चल कर दिव्य स्थान तक पहुंचते हैं। स्थान तक पहुंचने के लिए पैदल चलने का कोई दूसरा विकल्प नहीं है। कहा जाता है कि हजारों साल पहले मदार साहब ने उस स्थान पर 40 दिनों तक साधना किए थे। मदार बाबा धार्मिक स्थल देश-विदेश में प्रसिद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *