जिलाधिकारी ने जनपद के विभिन्न गेहूं क्रय केंद्रों का किया निरीक्षण
बिना तौल के बोरी अंदर रखने पर केंद्र प्रभारी पर एफ आई आर के दिए निर्देश
कुशीनगर। जिलाधिकारी रमेश रंजन द्वारा आज जनपद के विभिन्न गेहूं क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया गया।
इस क्रम में खाद्य विभाग द्वारा संचालित राजकीय गेहूं क्रय केंद्र विपणन शाखा हाटा के निरीक्षण दौरान बोरो की उपलब्धता जानी गयी, आगंतुक रजिस्टर चेक किया गया व उपस्थित किसान से बातचीत की गई। जिलाधिकारी ने क्रय केंद्र पर मौजूद मूलभूत सुविधाओं की भी जानकारी ली तथा कांटे से सही वजन की माप को भी चेक किया। जिलाधिकारी ने केंद्र प्रभारी को निर्देशित करते हुए कहा कि पंजीकृत किसानों को कॉल करवाकर जागरूक किया जाए। किसानों से बात करके जहां-जहां कमियां हो उसे दूर करवाया जाए। केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में बोरे की उपलब्धता हो।
तत्पश्चात जिलाधिकारी द्वारा पी सी एफ द्वारा संचालित बढ़या खुर्द गेहूं क्रय केंद्र(हाटा) का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दौरान केंद्र की व्यवस्था, कांटे की गड़बड़ी व बिना तौल के बोरी अंदर रखने पर केंद्र प्रभारी पर एफ आई आर के निर्देश जिलाधिकारी ने दिए।
तत्पश्चात जिलाधिकारी द्वारा पी सी एफ द्वारा संचालित पटनी गेहूं क्रय केंद्र(हाटा) का निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने पंजीकृत किसानों की सूची देखी। किसानों को जागरूक करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में जिलाधिकारी द्वारा पटनी(हाटा) में नवनिर्मित मटेरियल रिकवरी सेंटर का निरीक्षण किया गया।
मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी सेंटर पर एकत्रित कुड़े का पृथकीकरण किया जाता है। जिलाधिकारी ने उक्त सेंटर के सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए।
तत्पश्चात जिलाधिकारी द्वारा सुकरौली मोतीचक पट्टन आदर्श गेहूं क्रय केंद्र का निरीक्षण किया गया। गेहूं क्रय पंजिका, किसान पंजिका, रसीद का अवलोकन किया गया। किसानों से दूरभाष के माध्यम से संपर्क स्थापित कर जागरूक करने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिए। गेहूं क्रय के संदर्भ में नियमित तौर पर प्रतिदिन उपजिलाधिकारी को अपर जिलाधिकारी को रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी देवी दयाल वर्मा, खाद्य विपणन अधिकारी विनय प्रताप सिंह, उप जिलाधिकारी हाटा वरुण पांडेय, ए आर कॉपरेटिव शिवजी यादव व सभी संबंधित लोग मौजूद रहे।


