माध्यमिक शिक्षा परिषद बोर्ड को लेकर अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता मे महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न

माध्यमिक शिक्षा परिषद बोर्ड को लेकर अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता मे महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न

आगामी हाई स्कूल व इंटर परीक्षा वर्ष 2023 के संबंध में नियुक्त सेक्टर मजिस्ट्रेट व जोनल मजिस्ट्रेट हुए शामिल

घनश्याम प्रसाद सागर

कुशीनगर। माध्यमिक शिक्षा परिषद बोर्ड द्वारा आगामी हाई स्कूल व इंटर परीक्षा वर्ष 2023 के संबंध में नियुक्त सेक्टर मजिस्ट्रेट व जोनल मजिस्ट्रेट की आवश्यक बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी वित्त/राजस्व देवी दयाल वर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई।

उक्त बैठक में अपर जिलाधिकारी द्वारा सभी उपस्थित सेक्टर मजिस्ट्रेट व जोनल मजिस्ट्रेट को नकलविहीन, पारदर्शी, शांतिपूर्ण परीक्षा को संपन्न किये जाने हेतु निर्देशित किया गया।

अपर जिलाधिकारी द्वारा प्रश्न पत्रों की गोपनीयता को अक्षुण्ण रखे जाने, परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक के साथ मीटिंग, परीक्षा के पूर्व परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर परीक्षा के सभी आवश्यक तैयारियों की समीक्षा करने, परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा तथा रिकॉर्डर की जांच करने, प्रश्नों के सुरक्षित रखरखाव की व्यवस्था करने, परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्र के पास भीड़ एकत्रित ना होने देने आदि निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक रितेश कुमार सिंह ने परीक्षा को शांतिपूर्ण संपन्न कराए जाने हेतु सुरक्षा व्यवस्था की चर्चा करते हुए कहा कि इस संदर्भ में पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल की तैनाती की गयी है। सभी क्षेत्राधिकारी और थानाप्रभारी सतर्क हैं तथा किसी भी प्रकार की समस्या पर पुलिस से सहयोग प्राप्त किया जा सकता है।

परीक्षा के संचालन हेतु जनपद स्तरीय कंट्रोल रूम प्रभारी अपर जिलाधिकारी न्यायिक उपमा पांडेय ने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी रिकॉर्डिंग को चेक करने के निर्देश दिए तथा सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट व जोनल मजिस्ट्रेट को परीक्षा केंद्रों के निरीक्षण किए जाने हेतु निर्देशित किया।

विदित हो कि *माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित बोर्ड की परीक्षाएं आगामी 16 फरवरी से 04 मार्च तक संचालित होगी।जनपद कुशीनगर में कुल 178 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 58 सेक्टर मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई है इस संदर्भ में हाईस्कूल में पंजीकृत परीक्षार्थियों की कुल संख्या 67674 हैं जिसमें कुल छात्र 35359 और कुल छात्राएं 32315 हैं। इंटर परीक्षा हेतु कुल पंजीकृत परीक्षार्थियों की संख्या 51696 है, जिसमें कुल छात्र 26359 व छात्राएं 25337 हैं।*

उक्त बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक रविंद्र सिंह समेत सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *