मंडलायुक्त गोरखपुर की अध्यक्षता मे समीक्षा बैठक सम्पन्न
जिलाधिकारी कुशीनगर सहित जिले के सभी आलाधिकारी रहे मौजूद
घनश्याम प्रसाद सागर,ब्यूरोचीफ
कुशीनगर। आयुक्त महोदय, गोरखपुर मंडल रवि कुमार एन जी की अध्यक्षता में वर्ष 2022 बाढ़/अतिवृष्टि की जनपद स्तर पर आपदा से निपटने हेतु एवं राहत बचाव कार्य की समीक्षा इम्पीरियल होटल कुशीनगर में सम्पन्न हुई।बैठक में आपदा, विद्युत, जिला पंचायती राज विभाग, बाढ़ खण्ड, सिंचाई, जल निगम, पशुपालन, लोक निर्माण विभाग आदि विभागों की जनपद में आपदा व राहत के दृष्टिगत समीक्षा हुई।आयुक्त महोदय ने जिला पंचायत राज अधिकारी से जहाँ जहाँ पानी नीचे आ गया है वहाँ छिड़काव, नियमित सफाई, खराब पड़े हैंड पम्पो की मरम्मत, छोटे हैंड पम्प के पानी को गरम कर फिर ठंढा कर पीने की जनजागरूकता को निर्देशित किया तथा जिलाधिकारी को ऐसे हर गांव पर एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति जो प्रतिदिन रिपोर्ट दे इसका निर्देश दिया।मुख्य चिकित्साधिकारी सुरेश पटारिया को आयुक्त महोदय ने प्रभावित हर गांव में मेडिकल कैम्प का आयोजन किये जाने को निर्देशित किया तथा गॉंव में ए ई एस/ जे ई के मामले को नियमित चेक कर रिपोर्ट देने को निर्देशित किया।अधिशासी अभियंता जल निगम अनुराग गौतम को बाढ़ प्रभावित गाँवो में जल की गुणवत्ता परीक्षण कर उसकी रिपोर्ट जिलाधिकारी को देने को कहा गया।अधिशासी अभियंता बाढ़ खण्ड से बाढ़ की वर्तमान स्थिति के बारे में तथा बाढ़ खण्ड द्वारा किये जा रहे कार्यों की अद्यतन रिपोर्ट ली गयी। आयुक्त महोदय ने अधिशासी अधिकारी को दीर्घकालिक रणनीति के तहत कार्य करने का निर्देश दिया।अपर जिलाधिकारी ने आयुक्त महोदय को राहत सामग्री वितरण, कंम्यूनिटी किचेन, बाढ़ शरणालय संबंधी जानकारी दिया। अधिशासी अभियंता बाढ़ खण्ड मृत्युंजय सिंह को महादेवा सालिकपुर बाढ़ प्रभावित क्षेत्र हेतु एस्टीमेट बनाकर बाढ़ शरणालय बनाने हेतु निर्देशित किया जहाँ लोगो के साथ साथ पशुओं के लिए भी व्यवस्था हो।इस अवसर पर जिलाधिकारी एस0 राजलिंगम, मुख्य विकास अधिकारी गुंजन द्विवेदी, परियोजना निदेशक जगदीश त्रिपाठी, उपायुक्त मनरेगा राकेश कुमार, आपदा विशेषज्ञ रवि राय व सभी संबंधित अधिकारीगणों की उपस्थिति रही।


