निचलौल-सिंदुरिया मार्ग पर रोडवेज बस और बाइक में भीषण टक्कर, दो की हालत गंभीर
महराजगंज:- यूपी के महराजगंज जिले से बड़ी खबर निचलौल-सिंदुरिया मार्ग पर बरोहिया के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। निचलौल की ओर से आ रही एक सरकारी रोडवेज बस की मोटरसाइकिल से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल बस के नीचे जा फंसी। हादसे में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसा देखकर मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों की मदद की और पुलिस को घटना की सूचना दी।सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को बाहर निकलवाकर उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
