महराजगंज पुलिस की बड़ी कामयाबी: तकनीक से 105 खोए हुए मोबाइल बरामद, 31 लाख की संपत्ति लौटाई
SP शक्ति मोहन अवस्थी बोले-जनता की छोटी समस्या भी हमारी जिम्मेदारी
महराजगंज :- यूपी के महराजगंज जिले से बड़ी खबर तकनीक आधारित सतर्क पुलिसिंग से महराजगंज पुलिस ने 105 लोगों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौटा दी। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में सर्विलांस सेल ने विशेष अभियान चलाकर विभिन्न माध्यमों से दर्ज शिकायतों के आधार पर खोए/चोरी हुए 105 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 31 लाख रुपये है।सर्विलांस सेल ने CEIR यानी सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर पोर्टल, IMEI नंबर ट्रैकिंग और अन्य आधुनिक तकनीकी संसाधनों की मदद से मोबाइलों का पता लगाया। तकनीकी विश्लेषण और निगरानी के बाद फोन बरामद किए गए।गुरुवार को पुलिस लाइन परिसर में कार्यक्रम आयोजित कर सभी मोबाइल स्वामियों को बुलाया गया। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके मोबाइल वापस किए गए। लंबे समय बाद अपना फोन पाकर लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। कई लोगों ने SP और सर्विलांस टीम की पहल की सराहना करते हुए आभार जताया। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि जनता की छोटी से छोटी समस्या का समाधान करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। तकनीक आधारित पुलिसिंग से आम नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने का प्रयास लगातार जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम/चोरी होने पर तुरंत नजदीकी थाने या सर्विलांस सेल में शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस के अनुसार पिछले 3 महीनों में सर्विलांस टीम अब तक 307 मोबाइल फोन बरामद कर चुकी है, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये है।


