Tuesday, February 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशराजकीय इंटर कॉलेज पनियारा में पुरातन छात्र सम्मेलन का आयोजन, छात्रों का...

राजकीय इंटर कॉलेज पनियारा में पुरातन छात्र सम्मेलन का आयोजन, छात्रों का बढ़ा मनोबल

राजकीय इंटर कॉलेज पनियारा में पुरातन छात्र सम्मेलन का आयोजन, छात्रों का बढ़ा मनोबल

महराजगंज:- यूपी के महराजगंज जिले से बड़ी खबर राजकीय इंटर कॉलेज पनियरा में गुरुवार को पुरातन छात्र सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के वर्तमान शिक्षक, पूर्व शिक्षक तथा इस विद्यालय से विभिन्न कक्षाओं को उत्तीर्ण कर देश-प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में सेवा दे रहे पूर्व छात्र बड़ी संख्या में शामिल हुए। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करना और उन्हें लक्ष्य के प्रति प्रेरित करना रहा।कार्यक्रम के दौरान पूर्व छात्रों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज पनियरा से शिक्षा ग्रहण कर अपने जीवन की दिशा तय की। उन्होंने कहा कि विद्यालय के शिक्षकों द्वारा दिया गया मार्गदर्शन, अनुशासन और संस्कार ही आज उनकी सफलता की नींव है। शिक्षकों के प्रति सम्मान और विद्यालय के प्रति निष्ठा उनके लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रही है। पूर्व छात्रों ने वर्तमान विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन में रहने और निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।पनियरा ब्लॉक के ब्लॉक प्रमुख एवं इसी विद्यालय के पूर्व छात्र वेद प्रकाश शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि यह विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार और नेतृत्व गढ़ने वाली संस्था है। उन्होंने छात्रों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कठिन परिश्रम करने की प्रेरणा दी।इसी क्रम में विद्यालय के पूर्व छात्र अर्जुन कुमार मौर्य ने शिक्षा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा के बिना जीवन में किसी भी बड़े मुकाम को हासिल करना संभव नहीं है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे शिक्षा के महत्व को समझें और पूरी निष्ठा से अध्ययन करें, ताकि वे इस विद्यालय, अपने क्षेत्र, समाज और जनपद का नाम रोशन कर सकें। अन्य पूर्व छात्रों ने भी अपने विचार रखकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समापन अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा, विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. मनोज कुमार गौड़, शिक्षक ध्रुव नारायण, रामाज्ञा प्रसाद, सुभाष सहित आज़ाद प्रजापति, संजीव सिंह, राजेश चौहान, चंद्रशेखर मिश्रा, अजय मिश्रा, अजय सिंह, मुकेश, कृष्ण मोहन सहाय, दिलीप चंद शुक्ला, कृति रानी सहित तमाम शिक्षकगण और बड़ी संख्या में पुरातन छात्र उपस्थित रहे।

यह भी पढ़े

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisements

अन्य खबरे