जनपदस्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी व टी एल एम मेला का हुआ आयोजन
ब्यूरोचीफ घनश्याम प्रसाद सागर
कुशीनगर। जनपदस्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी व टी एल एम मेला का आयोजन जिला पंचायत रिसोर्स केंद्र में हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद कुशीनगर विजय कुमार दुबे सम्मिलित हुए।सांसद, जिलाधिकारी एस0 राजलिंगम, मुख्य विकास अधिकारी गुंजन द्विवेदी,बेसिक शिक्षा अधिकारी कमलेन्द्र कुशवाहा, पूर्व विधायक फाजिलनगर गंगा सिंह कुशवाहा व जनप्रतिनिधिगणों ने एक एक स्टॉल का काफी उत्सुकतापूर्वक अवलोकन किया व छात्र/छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।इस अवसर पर सांसद ने कहा कि प्रदर्शनी के अवलोकन से ऐसा प्रतीत होता है कि मा0 प्रधानमंत्री जी के नए भारत/विकसित भारत को विज्ञान व कृषि की तरफ आगे ले जाने का लक्ष्य पूर्ण हो रहा है।
उन्होनें बताया कि प्रदर्शनी में कम लागत से सुविधाओं में बढ़ोतरी को दिखाया गया है। सांसद ने कहा कि पहले के दौर में वैज्ञानिक मूकदर्शक बनकर उपहास के पात्र बने हुए थे जबकि अब उन्हीं वैज्ञानिकों का मनोबल/उत्साह/प्रोत्साहन बढ़ा है जिसे कोरोना काल मे देखा जा सकता है। कोरोना काल मे भारत की धरती ने 01 साल के अंदर निःशुल्क वैक्सीन विकसित कर ना सिर्फ स्वयं के लिए बल्कि दुनिया के सैकड़ो देशों के लिए एक मिसाल कायम किया।सांसद ने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान से देश और शिक्षा व्यवस्था आधुनुकीकरण की तरफ अग्रसर है। कुशीनगर के अधिकारियों को शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिये मा0 सांसद ने शुभकामनाएं दी।
मा0 सांसद ने इस अवसर पर कुशीनगर बुद्ध महोत्सव आयोजन की तैयारियों किये जाने की भी बात की जिसमें जनपद के सभी बच्चों के विज्ञान प्रदर्शनी व पुरस्कार वितरण को एक दिन का समय दिया जाएगा।इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत में एक बिलियन से ज्यादा आबादी के मानव संसाधन के सापेक्ष विज्ञान के प्रति सहभागिता कम है।
बच्चों में भी विज्ञान के प्रति रुचि में वांछित प्रगति नहीं है। अभी तक शिक्षा ही एक चुनौती बनी हुई थी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से साइंटिफिक मॉडल के प्रति रुचि पैदा होती है। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में प्रतिभाग करने वाले बच्चों में से ही कितने बच्चे आगे जाकर वैज्ञानिक बन सकते हैं।विज्ञान प्रदर्शनी में विभिन्न विषयों पर प्रदर्शनी आयोजित की गई थी जिसमे भूकम्प रोधी यंत्र, डोरी खींचो मात्रा सीखो, मानव उत्सर्जन सिस्टम, जल चक्र, कम लागत की कॉफी मशीन, प्रकाश संश्लेषण, उपग्रह संचार, लाई फाई तकनीक आदि मुख्य थे।बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि विज्ञान प्रदर्शनी में सभी विकास खंडों से मिलाकर कुल 100 बच्चों ने प्रतिभाग किया तथा 28 मॉडल का प्रदर्शन हुआ।
इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारी गण, व्यायाम प्रशिक्षक अनिल मिश्र तथा जनप्रतिनिधियों में बालक दास त्यागी, विवेकानंद शुक्ल, मार्कण्डेय शाही, चंद्रप्रकाश चमन आदि उपस्थित रहे।


